जितेंद्र कोठारी, वणी : वणी विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना के पूर्व विधायक विश्वास रामचंद्र नांदेकर का रविवार 21 दिसंबर की रात मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। घुटने के ऑपरेशन के बाद वो पिछले कई दिनों से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भरती थे। इलाज के दौरान ही उन्होंने रविवार रात 11 बजे अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर मुंबई से वणी लाया जाएगा। रविनगर स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के बाद मंगलवार 23 दिसंबर को सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव पठारपुर में राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिवंगत पूर्व विधायक विश्वास नांदेकर का राजनीतिक सफर जिला परिषद सदस्य पद से शुरु हुआ था। एक निडर व आक्रामक शिवसैनिक के रुप में पहचाने जाने वाले विश्वास नांदेकर ने वर्ष 2004 के विधानसभा चुनाव में लगातार 3 बार विधायक रहे कांग्रेस के वामनराव कासावार को पराजित कर पहली बार विधायक बने। एक समय उद्धव ठाकरे के नजदीकी रहे विश्वास नांदेकर ने शिवसेना पार्टी के टूटने के बाद 2024 के चुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना छोड़ एकनाथ शिंदे की शिवसेना का हाथ थाम लिया। लेकिन चुनाव में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
विश्वास नांदेकर के रुप में एक दमदार व अनुभवी नेता के निधन से राजकीय क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। विश्वास नांदेकर के निधन का समाचार मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। साथ ही सम्पूर्ण वणी विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना कार्यकर्ता व समर्थक वणी के नांदेपेरा रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचना शुरु हो गए है। क्षेत्र के विधायक संजय देरकर सहित राजकीय नेता व गणमान्य नागरिकों ने पूर्व विधायक विश्वास नांदेकर के निधन पर शोक संवेदनाएं प्रकट की है। दिवंगत पुर्व विधायक को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्यभर से कई नेता आज वणी पहुंचने की जानकारी मिली है।










