वणी टाईम्स न्यूज : शहर के वडगांव रोड विठ्ठलवाड़ी क्षेत्र में एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 2 लाख 95 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में वणी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3), 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विठ्ठलवाड़ी-वडगांव रोड निवासी तालीब अय्यूब खान (28) अपने घर को ताला लगाकर 22 मई 2026 को नागपुर गए थे। 31 मई को दोपहर करीब 2 बजे वापस लौटने पर उन्हें घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो बेडरूम की अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी।
चोरी गए सामान में तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक सोने का हार, कुल 37 ग्राम सोने के आभूषण जिसकी कीमत लगभग 1.85 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 500 ग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण तथा 80 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 2 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है।
फरियादी की शिकायत पर वणी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अंकुश वडतकर कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है तथा आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।










