वणी टाईम्स न्यूज : यातायात उप शाखा के API विजय महाले का तबादला होने के बाद पुलिस निरीक्षक नरेश रणधीर को वणी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने का जिम्मा सौंपा गया है। रणधीर ने गुरुवार को वणी शाखा में पदभार संभाल लिया है। यातायात उपशाखा वणी में पहली दफा पुलिस निरीक्षक दर्जे के अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
वणी क्षेत्र में औद्योगिक परिवहन व शहर की बढ़ती हुई आबादी को देखते हुए वणी में स्वतंत्र ट्रैफिक ब्रांच स्थापित की गई। ट्रैफिक पुलिस का मुख्य कार्य शहर की अंतर्गत व बाहरी यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाना है। मगर ट्रैफिक पुलिस पर यातायात संभालने की बजाए वाहन धारकों से अवैध वसूली के आरोप लगते। रहे है। पिछले कुछ सालों से शहर की यातयात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। वणी ट्रैफिक ब्रांच में अनेक अधिकारी आये और गए, मगर यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नजर नहीं आया।
वणी क्षेत्र की सड़कों पर कोयला, गिट्टी, रेती से भरे ओवरलोड ट्रक यमदूत बनकर दौड़ रहे है। तिपहिया ऑटो रिक्शा चालकों के लिये तो मानो इस शहर में कोई नियम कानून ही लागू नही है। बिना परमिट व बीमा के सैकड़ों ऑटो रिक्शा शहर ने रात दिन भाग रहे है। नाबालिग बाइकर्स शहर की व्यस्त सड़कों पर फर्राटे से बाइक रेस लगा रहे है। दुपहिया चालाकों की सुरक्षा के लिए जरुरी हेलमेट मानो चलन से बाहर हो गया है। कारों के शीशे पर ब्लैक फिल्म व फैंसी नम्बर प्लेट पर प्रतिबन्ध होने के बावजूद पुलिस द्वारा शहर में शून्य कार्यवाही है।
शहर ने व्यस्ततम शिवाजी महाराज चौक, आंबेडकर चौक, जटाशंकर चौक, गांधी चौक परिसर में दिन भर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में ट्रैफिक ब्रांच के नए प्रमुख पीआई नरेश रणधीर शहर की यातयात व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाते है ? या फिर पूर्व अधिकारियों की तरह “चार दिन की चांदनी, वही अंधेरी रात” जैसे हालात बने रहेंगे। इस और शहर के नागरिकों की नजर लगी है।










