वणी टाईम्स न्यूज । जिला पुलिस प्रशासन में प्रशासनिक फेरबदल के तहत वणी के थानेदार पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर का तबादला यवतमाल की आर्थिक अपराध शाखा में कर दिया गया है। उनकी जगह यवतमाल मुख्यालय में पदस्थ पुलिस निरीक्षक भानुदास पिदूरकर को वणी पुलिस थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता के आदेश से यह तबादला किया गया है।
पीआई भानुदास पिदूरकर के लिए वणी कोई नया क्षेत्र नहीं है। इससे पहले वे वणी पुलिस थाने में सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। क्षेत्र की भौगोलिक ,सामाजिक और आपराधिक परिस्थितियों की पूर्व जानकारी के कारण उनके कार्यभार संभालने से पुलिस प्रशासन को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विवादों में रहे थानेदार गोपाल उम्बरकर !
वणी थानाप्रभारी पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। उनके कार्यकाल के दौरान दो कुख्यात अपराधियों के खिलाफ महाराष्ट्र प्रतिबंधक गतिविधि अधिनियम (एमपीडीए) के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना गया।
हालांकि, उनके कार्यकाल को लेकर विवाद भी कम नहीं रहे। एक आदिवासी महिला के साथ पुलिस थाने में गालीगलौज के मामले में उम्बरकर की शिकायत वरिष्ठ स्तर पर की गई थी। उसी प्रकार एक पत्रकार के साथ जालसाजी प्रकरण में संबंधित दोषी लोगों पर अपराध दर्ज करने के लिए शहर भर के पत्रकारों ने थानेदार उम्बरकर के कक्ष के सामने चटाई बिछाकर आंदोलन का विषय भी सुर्खियों में रहा।
पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर पर कई चर्चित मामलों की जांच में कथित लीपापोती के आरोप लगते रहे, वहीं पुलिस विभाग के कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए गए। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर गोपाल उम्बरकर की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की जाती रही।
घोटाला : वेकोली कर्मचारियों द्वारा यूनिफॉर्म खरीदी में फर्जीवाड़ा !
नए थानेदार के सामने चुनौतियां
नवनियुक्त थानेदार भानुदास पिदूरकर के सामने कई गंभीर चुनौतियां होंगी। वणी शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही चोरी की घटनाएं, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, गोवंश तस्करी रोकने, ड्रग्स नेटवर्क तथा अवैध गुटखा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता माना जा रहा है।
शहरवासियों को उम्मीद है कि नए पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में वणी पुलिस अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अधिक प्रभावी कार्रवाई करेगी तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगी।










