वणी टाईम्स न्यूज : अनैतिक सम्बन्धों के चलते प्रेमिका के पति का बेरहमी से कत्ल करने वाले दोनों आरोपियों को वणी पुलिस ने 2 दिन के रिमांड पर लिया है। मुख्य आरोपी सुमेश रमेश टेकाम व उसके साथीदार सौरभ मारोती आत्राम को पुलिस ने रविवार को वणी न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी की मांग की। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या के पीछे का पूरा सच जानने व सबूत जुटाने की कोशिश करेगी।
बता दें कि, वणी के रंगनाथ नगर निवासी स्वप्निल किशोर राउत (28) का गुरुवार शाम को लहूलुहान अवस्था में शव गजानन नगरी लेआउट में मिला था। हत्यारों ने स्वप्निल के सिर पर पत्थर मारने के बाद कांच की बोतल से गला काट दिया था। मृतक के मोबाइल की कॉल हिस्ट्री व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना के कुछ घंटों बाद ही हत्यारे सुमेश टेकाम को उसके गांव वडजापुर से गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारे सुमेश को पुलिस थाने में लाकर पूछताछ करने पर उसने सौरभ आत्राम के साथ मिलकर स्वप्निल की हत्या करना कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक स्वप्निल की पत्नी के साथ उसके प्रेम संबंध थे। स्वप्निल उसकी पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था। जिसकी शिकायत उसकी पत्नी अपने प्रेमी सुमेश से करती थी। प्रेमिका को हो रही तकलीफ से सुमेश भी परेशान था। इसलिए उसने प्रेमिका को हमेशा के लिए स्वप्निल से छुटकारा दिलाने का मन बना लिया।
🧿 तीसरी आंख ने बिगाड़ा खेल
स्वप्निल को खत्म करने की योजना के तहत सुमेश व सौरभ ने शराब पीने का बहाना कर स्वप्निल को बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। तीनों को बाइक पर जाते हुए किसी ने नहीं देखा, लेकिन ब्राह्मणी चौराहा व टोल टैक्स प्लाजा पर लगी तीसरी आंख से वो बच नहीं सके। सीसीटीवी कैमरा के फुटेज में दोपहर 4.35 बजे के लगभग तीनों एक बाइक पर बैठ कर जाते हुए दिखाई दिए। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर घटना के कुछ घंटों बाद ही उनके हाथों में हथकड़ियां पहना दी।
🔎 मृतक की पत्नी भी संदेह के घेरे में..!
स्वप्निल राउत हत्या प्रकरण में पुलिस ने दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन विवाहबाह्य सम्बन्धों के चलते घटित इस हत्याकांड ने मृतक की पत्नी भी संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस मृतक की पत्नी को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है।










