वणी टाईम्स न्युज : लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार रात वणी शहर के मुख्य व भीड़भाड़ वाले तिलक चौक परिसर से नशीले मेफेड्रोन पावडर (MD Drug) के साथ दो युवकों को पकड़ा। युवकों से पूछताछ में ड्रग सप्लाई के तार चंद्रपुर व नागपुर से जुड़े होने की बात सामने आई है। इसके अलावा तस्करी के इस धंधे में एक महिला ड्रग विक्रेता की संलिप्तता भी उजागर हुई है। MD ड्रग के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी मूल रूप से चंद्रपुर के रहने वाले है। मगर वणी में रहकर वो चोरीछिपे मादक पदार्थ बिक्री के धंधे से जुड़े थे।
शहर में ड्रग सप्लाई के बारे में मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर LCB की टीम ने बुधवार रात 10 बजे से तिलक चौक परिसर स्थित एक पान सेंटर पर नजर रखी। रात 11.30 बजे के लगभग पान सेंटर के पीछे ड्रग की खेप देने आए युगांत दिनेश दुर्गे (19) व शाबाद सत्तार मिर्जा (35) को क्राइम ब्रांच की टीम ने धर दबोचा। पंचों के समक्ष युगांत की तलाशी लेने पर उसके पेंट की जेब से प्लास्टिक की 2 पन्नियों में 3.38 ग्राम नशीला मेफेड्रोन पावडर बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने बरामद MD ड्रग पावडर नागपुर निवासी आयुष तांबे की मध्यस्थता से एक महिला से खरीदे जाने व शाबाद मिर्ज़ा को बेचे जाने की जानकारी पुलिस को दी।

युवक के कबूलनामें के बाद पुलिस ने दूसरे युवक शाबाद सत्तार मिर्जा निवासी एम. एस. हाउस, सिस्टर कॉलोनी रोड, केजीएन मस्जिद के पास, रहमत नगर चंद्रपुर, हालिया मुकाम साईं नगरी, वणी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शाबाद के पास से एक बिना नंबर की काले रंग की रॉयल इनफील्ड बाइक कीमत 2 लाख व एक सैमसंग S25 Ultra स्मार्टफोन कीमत 1 लाख बरामद किया। आरोपी शाबाद का वणी में कुशन व फोम का व्यवसाय होने की जानकारी भी सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि मई 2025 में भी एलसीबी दल ने जत्रा मार्ग परिसर से एक युवक के पास से 2.50 ग्राम मेफेड्रोन पावडर बरामद किया था। उस समय भी नागपुर के अंकित व प्रतीक नामक दो ड्रग पैडलर के नाम सामने आए थे। मगर पुलिस उक्त मामले की तह तक नहीं पहुंच पाई। बुधवार को हुई इस कार्यवाही में भी एक बार फिर नागपुर के आयुष तांबे व महिला ड्रग पैडलर की संलिप्तता सामने आई है। जबकि पकड़े गए दोनों आरोपी चंद्रपुर के है। अब देखना यह है कि गिरफ्तार ड्रग पैडलर की सहायता से पुलिस ड्रग रैकेट की जड़ों तक पहुंच पाती है या नहीं।










