वणी टाईम्स न्यूज : अचानक सामने आए मोपेड सवार को बचाने की कवायद में ट्रैवल्स बस डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत यह रही ही इस दुर्घटना में ट्रैवल्स बस ने सफर कर रहे यात्री बाल बाल बच गए। जबकि मोपेड सवार व्यक्ति को मामूली चोटें लगी। उक्त घटना बुधवार सुबह 8.30 बजे के लगभग वणी वरोरा मार्ग पर एल. टी. कॉलेज के पास घटित हुई। दुर्घटना के बाद बस के सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक धनश्री ट्रैवल्स की MH40 -AT0565 क्रमांक की बस सुबह 8.20 बजे के लगभग वणी से नागपुर के लिए रवाना हुई। उस समय बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। बस ट्रैवल्स प्वाइंट से निकल कर लगभग 400 मीटर की दूरी पर पहुंची होगी कि साइड की गली से नीले रंग की टीवीएस ज्यूपिटर क्रमांक MH 29 CA7437 दुपहिया अचानक बस के सामने आ गई।
दुपहिया सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैवल्स चालक ने पूरी ताकत से बस के ब्रेक दबाए। लेकिन तब तक दुपहिया चालक बस से टकरा कर सड़क पर गिर गया। इधर अचानक ब्रेक दबाने के कारण चालक का बस पर से नियंत्रण छूट गया व बस डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में मोपेड चालक कवडू गेडाम, (55) निवासी भीमनगर जख्मी हो गया, जबकि बस में बैठे यात्रियों को भी मामूली चोटें आई। गनीमत रही कि डिवाइडर से टकरा कर बस रुक गई। अन्यथा बड़ी दुर्घटना होने की संभावना जताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद घायल मोपेड चालक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि बस के यात्रियों को दूसरी बस से नागपुर के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन परिसर में खड़ी कर दी है। समाचार लिखे जाने तक घायल मोपेड चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।










