वणी टाईम्स न्यूज : शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ के गंभीर मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना – 1
पहली घटना बेलदारपुरा इलाके की है, जहाँ साढ़े पांच साल की मासूम बच्ची के साथ बेहद शर्मनाक हरकत की गई। जानकारी के अनुसार, जब बच्ची अपने घर की छत पर खेल रही थी, तब आरोपी राजेंद्र गुलाब चरडे (56) ने बच्ची की टी शर्ट उतार कर उसके साथ अश्लील हरकत की। आरोपी पर बच्ची के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप है।
घटना -2
दूसरी घटना में निर्गुडा नदी रोड परिसर निवासी एक 11 वर्षीय बच्ची को छेड़छाड़ का शिकार होना पड़ा। बच्ची अपने घर के पोर्च में खेल रही थी, तभी आरोपी एकनाथ रोहनकर (52 ) ने उसके साथ गलत तरीके से स्पर्श करने की कोशिश की। बच्ची के विरोध करने पर आरोपी वहां से भाग गया। लेकिन इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
पुलिस एक्शन –
दोनों मामलों की पुलिस में शिकायत के बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोपाल उंबरकर के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। सहायक पुलिस निरीक्षक API प्रियंका चौधरी और अन्य अधिकारी मामले की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। लगातार हुई इन दो घटनाओं ने वणी शहर में बच्चों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है।
अभिभावकों को सतर्क रहने की आवश्यकता –
“बच्चों की सुरक्षा की शुरुआत घर से ही होती है। माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों को पड़ोस या अनजान व्यक्ति के साथ अकेले न छोड़े। इसके साथ ही बच्चों को गुड टच’ (Good Touch) और ‘बैड टच’ (Bad Touch) के बारे में सरल और स्पष्ट भाषा में समझाएं। यदि बच्चों को सही जानकारी होगी, तो वे किसी भी गलत हरकत को पहचान सकेंगे और तुरंत अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दे पाएंगे। बच्चों के साथ संवाद बढ़ाएं और उनमें विश्वास पैदा करें।”










