वणी टाईम्स न्यूज | वणी शहर से सटे गणेशपुर में चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर 2 लाख 30 हजार रुपयों के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। शिकायतकर्ता वेस्टर्न कोलफील्ड कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रामरतन सिताराम हरडे (59 वर्ष), निवासी मंगलमूर्ति पार्क, प्लॉट क्रमांक 42, गणेशपुर, वणी, अपने घर को ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। 21 अप्रैल 2026 की शाम 4 बजे से 22 अप्रैल 2026 की दोपहर 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने घर से दो सोने की चूड़ियां (40 ग्राम), एक सोने की चेन (20 ग्राम), दो सोने की अंगूठियां (कुल 10 ग्राम) तथा कान के सोने के लटकन (6 ग्राम) चोरी कर लिए। इस प्रकार कुल 76 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 331(4) और 305(ए) के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक साजिद सैय्यद कर रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश जारी है।
पुलिस की निष्क्रियता के कारण शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से नागरिकों में चिंता का माहौल है।










