वणी टाईम्स न्यूज | अवैध रूप से कंटेनर में ठूंसकर कत्लखाने ले जाए जा रहे 34 गोवंश मवेशियों को शिरपुर पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। स्थानीय बजरंगदल कार्यकर्ताओं के सहयोग से 13 मई की रात वणी घुग्गुस मार्ग पर चारगांव (चौकी) क्षेत्र में की गई इस कार्यवाही में पुलिस ने ट्रक सहित 26 लाख 80 हजार रुपयों का माल बरामद किया है।

वणी से शिरपुर मार्ग पर गोवंश की अवैध तस्करी की सूचना मिलते ही शिरपुर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी संतोष मनवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिरपुर-चारगांव चौकी मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान वणी की ओर से आ रहे एक संदिग्ध अशोक लेलैंड कंटेनर क्रमांक NL 01 AG 1288 को रोककर उसकी जांच की गई।
जांच के दौरान कंटेनर में 34 बैलों को बेहद क्रूर तरीके से छोटी रस्सियों से बांधकर ले जाते हुए पाया गया। पुलिस ने वाहन चालक से पशुओं के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सरगम गुलाबसिंग धुर्वे बताया। आगे की पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह नागपुर निवासी तोसिक अहमद तथा गडचांदूर निवासी इरफान के कहने पर मवेशियों को तेलंगाना स्थित कत्लखाने लेकर जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये मूल्य का कंटेनर तथा 6 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के 34 बैलों सहित कुल 26 लाख 80 हजार रुपये का माल बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम तथा मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुरेश दलवे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष मनवर सहित पुलिस उपनिरीक्षक धीरज गुल्हाने, पुलिस हवलदार इकबाल शेख, प्रशांत झोड, अविनाश बानकर, मंगेश सलाम, विजय फुलुके और किरण दासरवार तथा अन्य पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।










