वणी टाईम्स न्यूज | ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) ने वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (WCL) की सुरक्षा समिति में अपने प्रतिनिधि सुनील मोहितकर को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए उनकी जगह सावनेर निवासी स्वप्निल व्यास को सुरक्षा समिति सदस्य मनोनीत किया है। यूनियन की इस कार्रवाई को हाल के महीनों में सुनील मोहितकर पर लगे गंभीर आरोपों से जोड़कर देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि सुनील मोहितकर वणी नॉर्थ एरिया में कोयला मजदूर नेता के रूप में प्रभावशाली माने जाते रहे हैं। वे डब्ल्यूसीएल सुरक्षा समिति के सदस्य भी थे। हालांकि, 15 अक्टूबर 2025 को वेकोलि कार्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी द्वारा उनके खिलाफ जबरन अपहरण तथा धमकी देने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इस प्रकरण के बाद मोहितकर को जेल भी जाना पड़ा था।
इसके बाद 17 मार्च 2026 को भालर निवासी एक महिला अधिवक्ता ने शिरपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सुनील मोहितकर ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया। इन गंभीर आरोपों के चलते खदान क्षेत्र में लंबे समय से यूनियन स्तर पर कार्रवाई की चर्चा चल रही थी।
इसी क्रम में वेस्टर्न कोलफील्ड तथा ऑल इंडिया ट्रेड कामगार यूनियन के समन्वयक सी.जे. जोसेफ ने डब्ल्यूसीएल के महाव्यवस्थापक (S&R), नागपुर को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि सुनील मोहितकर को सुरक्षा समिति से हटाकर उनके स्थान पर स्वप्निल व्यास को सदस्य नियुक्त किया गया है। इस कार्रवाई के बाद कोयला क्षेत्र में श्रमिक राजनीति को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।










