वणी टाईम्स न्यूज : शहर पुलिस स्टेशन अंतर्गत गजानन नगरी में हुई कत्ल की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर युवक की बेरहमी से हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी के साथ मुख्य आरोपी के नाजायज सम्बन्ध के चलते कत्ल की घटना को अंजाम दिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार हत्यारों के नाम सुमेश रमेश टेकाम (24) निवासी वडजापुर, तहसील वणी व सौरभ मारोती आत्राम (26) निवासी वणी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी सुमेश रमेश टेकाम का मृतक स्वप्निल की पत्नी के साथ नाजायज संबंध थे। स्वप्निल राउत अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी बात से सुमेश स्वप्निल से खफा था। गुरुवार दोपहर 4.30 बजे सुमेश व सौरभ बाइक पर जत्रा मैदान पहुंचे। जहां से उन्होंने फोन कर स्वप्निल को बुलाया। शराब पीने का बहाना कर तीनों बाइक पर बैठकर वरोरा मार्ग रेलवे क्रॉसिंग, संविधान चौक होते हुए गजानन नगरी पहुंचे। रास्ते में एक वाइन शॉप से सुमेश ने शराब खरीदी की।
शराब पार्टी के दौरान आरोपियों ने जानबूझ कर स्वप्निल को ज्यादा शराब पिलाई। उसके बाद आरोपी सुमेश ने एक बड़ा पत्थर लेकर स्वप्निल के सिर पर दे मारा। पत्थर से मारने के बाद कही स्वप्निल जिंदा न बच जाए इसके लिए आरोपियों ने शराब की बोतल फोड़कर स्वप्निल का गला चीर डाला। स्वप्निल के कत्ल के बाद दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस के लिए यह कत्ल एक चुनौती बन गया था। लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट व तकनीकी जांच कर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे डाल दिया।
मर्डर: वणी में युवक की गला काटकर बेरहमी से हत्या, सुनसान लेआउट में मिली लाश
कत्ल की इस घटना को उजागर करने में पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर, उप निरीक्षक सुदाम आसोरे, लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिरासत में लिए गए आरोपियों को रविवार 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिए जाने की जानकारी है।
🩸अनैतिक सम्बन्धों के चलते कत्ल की दूसरी वारदात
पत्नी के विवाहबाह्य सम्बन्धों के चलते प्रेमी द्वारा पति की हत्या किए जाने की 8 दिनों के अंदर दूसरी वारदात घटी है। 15 अक्टूबर को शहर से सटे वागदरा गांव निवासी मनोज वानखेड़े की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने कर उसका शव गहरे पानी में फेंक दिया था। हत्या की उक्त घटना की स्याही अभी सुखी भी नहीं की, एक और पति पत्नी के नाजायज रिश्तों की बलि चढ़ गया। विवाहबाह्य सम्बन्धों के कारण घट रही इस तरह की घटनाओं से समाज में चिंता का वातावरण फैल गया है।










