वणी टाईम्स न्यूज : शहर से सटे इलाके में मायके में रह रही विवाहित महिला ने अपने ससुराल वालों पर चरित्र पर सन्देह करते हुए मारपीट करने व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति, ससुर, देवर व ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व घरेलू हिंसा का केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता 23 वर्षीय महिला के अनुसार उसका निकाह 2021 में मोहम्मद मोकिम शेख (मूल निवासी अमाव, तहसील खागा, जिला फतेहपुर, उत्तरप्रदेश) हालिया मुकाम माजरी, जिला चंद्रपुर के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। विवाह के कुछ दिनों तक सबकुछ सामान्य रहा, परंतु बाद में पति ने उसके चरित्र पर संदेह करते हुए आए दिन मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता ने बताया कि उसका देवर मोहम्मद वकिल शेख (23) भी उसके साथ मारपीट करता था। जबकि ससुर मोहिउद्दीन मोहम्मद मुबीन (60) पति को प्रताड़ित करने के लिए उकसाते थे। इतना ही नहीं उसकी ननद भी पति को फोन पर तलाक देने के लिए भड़काती थी। 27 अगस्त 2024 को पुत्र जन्म के बाद ससुराल वालों ने उसके भोजन व दवाई की सुविधा तक उपलब्ध नही कराई। तो पीड़िता ने अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में अपनी मां को बताया।
मामला सुलझाने के लिए दोनो पक्षों के बीच दो बार मीटिंग भी हुई। इसके बावजूद पति और ससुर ने घर में रखने से इंकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार, 9 सितंबर 2024 को सुबह 11 बजे के करीब उसे घर से निकाल दिया गया और उसके गहने भी छीन लिए गए। पति व ससुर ने कथित तौर पर कहा कि शादी में 2 लाख रुपये खर्च हुए, वो रकम वापस दो तभी घर में जगह मिलेगी। तब से पीड़िता मायके में रह रही है।
1 सितंबर 2025 को दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया गया है कि पति, ससुर, देवर और ननंद लगातार पैसों की मांग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति मोहम्मद मोकिम शेख (25), मोहम्मद वकिल शेख (23) मोहिउद्दीन मोहम्मद मुबीन (60) व ननद (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 352 व 85 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आगे की जांच पुलिस कर रही है।










