वणी टाईम्स न्यूज : बस स्टैंड पर भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चुराए गए मोबाइल जब्त किए है। दिनांक 03 सितम्बर 2025 को वणी बस स्टैंड पर घटित मोबाइल चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर दोनों चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राहुल कुंभेकर (55), निवासी राजूर कॉलरी, वणी और बजरंग विठ्ठल परबत (32), निवासी निजामपुर, तहसील रिसोड, जिला वाशिम यह दोनों यात्री चंद्रपुर जाने वाली बस में सवार हो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके जेब से मोबाइल चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर वणी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने छानबीन शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर दीपक चौपाटी, वणी क्षेत्र से समीर साबीर पठान (19) व अर्जुन गोपाल आडे (30) दोनों निवासी रंगनाथ नगर, वणी को हिरासत में लिया गया। उनकी तलाशी लेने पर दोनों यात्रियों के चोरी गए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।
मोबाईल चोरी को पकड़ने की कार्रवाई उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुरेश दळवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोपाल उंबरकर तथा डी.बी. पथक के उपनिरीक्षक धीरज गुल्हाने, पुलिस कॉन्स्टेबल मोहम्मद वसीम, मोनेश्वर खंडरे, गणेश मेश्राम, नंदकुमार पूप्पलवार और गजानन कुडमेथे ने अंजाम दी। चोरी की घटना के सिर्फ दो घंटे में पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करना वणी पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।










