जितेंद्र कोठारी, वणी : वणी वरोरा राज्यमार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। वणी से वरोरा की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार ने जोरदार टक्कर मार दी। वर्धा नदी के पाटाला पुल के पास हुए इस हादसे में बाइक चालक व्यक्ति की जगह पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक को टक्कर मारने के बाद से तीन पलटियां मारते हुए खेत में जाकर गिरी।
जानकारी के अनुसार तहसील के वांजरी गांव निवासी प्रदीप रमेश ठमके (31) अपनी स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MH 29 B 0963 पर शेंबाळा की तरफ जा रहा था। दोपहर 12.15 बजे के दरमियान पाटाला पुलिया के पास पीछे से अत्यंत वेग से आ रही MH14 GD 6835 नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार ने प्रदीप की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित कार दो से तीन पलटियां मारते हुए सड़क से उतरकर खेत में जाकर गिरी।
इस दुर्घटना में बाईकचालक प्रदीप ठमके की जगह पर ही मौत हो गई। जिसका मृतदेह सागर वंजारी की एम्बुलेंस से वणी ग्रामीण अस्पताल में लाया गया। जबकि कार में सवार मारेगाव निवासी घायल 3 लोगों को टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से वरोरा ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। वरोरा अस्पताल में उपचार के दौरान गंभीर घायल एक व्यक्ति की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई है। कार में सवार लोगों के नाम अभी पता नहीं चल पाए है। वणी पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।










