वणी टाईम्स न्यूज : मोपेड की डिक्की में रखे एक लाख रुपए पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। शहर के भारतमाता चौक पर 23 अप्रैल 2026 को दोपहर 11.30 बजे के लगभग घटी चोरी की वारदात के बारे में शिकायतकर्ता अजय भोजराज टोंगे (25) निवासी भालर ने वणी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है
शिकायत के अनुसार, अजय टोंगे अपने पिता के साथ 23 अप्रैल 2026 को सुबह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, वणी शाखा में गए थे। वहां से उन्होंने कुल 1,50,000 रुपये निकाले, जिसमें 100 रुपये के नोटों के 10 बंडल (1,00,000 रुपये) और 500 रुपये के नोटों का एक बंडल (50,000 रुपये) शामिल था।
बैंक से रकम निकालने के बाद उन्होंने पूरी राशि अपनी डुएट मोपेड क्रमांक (MH29AZ6917) की डिक्की में रखकर लॉक कर दिया और भारत माता चौक स्थित एक अनाज दुकान पर खरीदारी करने चले गए। कुछ समय बाद जब वे वापस लौटे, तो बाइक की डिक्की का लॉक खुला हुआ मिला। डिक्की की जांच करने पर उसमें केवल 50,000 रुपये ही मिले, जबकि 1,00,000 रुपये गायब थे। अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर डिक्की से रकम पार कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अजय टोंगे ने वणी पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। शहर में चोरी की बढ़ती वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।










