वणी टाईम्स न्यूज : पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की उल्लेखनीय जीत के बाद वणी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहर के प्रमुख छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर झालमुरी एवं लड्डू वितरित कर जीत की खुशी साझा की गई। इस अवसर पर चौक परिसर में ढोल-ताशों की गूंज और पटाखों की आतिशबाजी से माहौल उत्सवमय हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

कार्यक्रम में वणी विधानसभा के पूर्व विधायक संजीवरेड्डी बोदकुरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष तारेंद्र बोर्डे, जिल्हा उपाध्यक्ष संजय पिंपलशेंडे, नगराध्यक्ष विद्या आत्राम, उपाध्यक्ष राकेश बुगेवार, भाजपा शहर अध्यक्ष एड. निलेश चौधरी, अंकुश बोढे, संतोष डंभारे, नगरसेवक रवी बेलूरकर, लवलेश लाल, लक्ष्मण उरकुडे, अनिल चिंडालिया, नगरसेविका रिता पहापळे, मनीषा गव्हाणे सहित सभी नगरसेवक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विजयोत्सव का प्रमुख आकर्षण महिला नगरसेवकों द्वारा लगाया गया झालमुरी का स्टॉल रहा। जहां नागरिकों को पारंपरिक बंगाली स्वाद की मुरमुरे, प्याज टमाटर व मिर्ची की बनी झालमुरी बांटी गई। इस पहल ने कार्यक्रम को अलग पहचान दी और लोगों में खासा आकर्षण बना।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सड़क किनारे झालमुरी खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था। उसी संदर्भ को जोड़ते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस बार विजयोत्सव में झालमुरी वितरण का अनोखा प्रयोग किया।
विजयोत्सव के दौरान पूर्व विधायक संजीवरेड्डी बोदकुरवार ने बीजेपी की जीत को “जनता के विश्वास की जीत” बताते हुए कहा कि आगामी समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।










