वणी टाईम्स न्यूज । छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मार्कंडेय पोदार लर्न स्कूल में एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों की नेत्र, दंत एवं दृष्टि संबंधी जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षा भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर डॉ. अक्षय तुगनायत, डॉ. ललित लांजेवार, डॉ. पूजा काले तथा डॉ. अमोल लोनारे सहित प्रख्यात चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। औषधि विक्रेता नमिष काले की भी शिविर में प्रमुख उपस्थिति रही। विद्यालय के सचिव राहुल सुंकूरवार और प्रधानाचार्य भूषण अलोणे ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर चिकित्सक दल का स्वागत किया।
शिविर के दौरान डॉक्टरों ने छात्रों के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, किशोरावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने शिविर के सफल संचालन हेतु समन्वित रूप से कार्य किया। विद्यालय के अध्यक्ष रमेश सुंकूरवार ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों और चिकित्सक दल को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।










