वणी टाईम्स न्यूज : शिरपुर पुलिस थाना अंतर्गत भालर कॉलोनी में एक वेकोली कर्मचारी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने ₹2,30,000/- मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। घटना तब घटी जब घर का कर्मचारी नाइट ड्यूटी के लिए घर बंद कर गया था। जबकि उसका परिवार गांव गया हुआ था। इस संबंध में शिरपूर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी ध्रुवदेव संपत राजभर (53), निवासी क्वार्टर क्र. एम.क्यु. 275, भालर कॉलोनी, वणी पिछले 15 वर्षों से वेकोली नॉर्थ एरिया की निलजई-01 खदान में डंपर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी उषादेवी व पुत्र संदीप दिनांक 1 जुलाई 2025 को पारिवारिक कार्य के चलते उत्तर प्रदेश स्थित मूलगांव हरीदासपुर, तहसील मोहम्मदाबाद, जिला गाज़ीपुर गए हुए थे। उस दिन से ध्रुवदेव राजभर अकेले ही क्वार्टर में रह रहे थे।
ध्रुवदेव 10 जुलाई की रात 11:15 बजे घर का दरवाज़ा बंद कर ड्यूटी के लिए निकल गए। जब वे 11 जुलाई की सुबह 8:15 बजे ड्यूटी से लौटे, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पाया कि बेडरूम में दो लोहे की अलमारियां खुली हुई थीं, और सारा सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर भी खुला मिला। उन्होंने तुरंत अपने पड़ोसी सामंत देरकर को घटना की जानकारी दी और फिर पत्नी को फोन करके सूचित किया।
पत्नी के कहने पर उन्होंने लॉकर की जांच की, तो पाया कि उसमें रखा हुआ: सोने का मंगलसूत्र (10 ग्राम, ₹80,000), कान के झुमके (2 ग्राम,₹16,000), सोने का हार (8 ग्राम, ₹64,000), सोने की 2 अंगूठियां (6 ग्राम, ₹48,000), चांदी की चेन (20 ग्राम, ₹2,000) व नकद ₹20,000 यह सभी ₹2,30,000/- का माल चोरी हुआ है।
घटना के बाबत फरियादी ध्रुवदेव राजभर ने शिरपूर पुलिस स्टेशन में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस चोरी की घटना को गंभीरता से लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।










