वणी टाईम्स न्यूज : पिता की अंत्येष्टि के लिए पैतृक गांव गए डब्ल्यूसीएल कर्मचारी के बंद घर से अज्ञात चोरों ने लाखों के गहने व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शिरपुर पुलिस स्टेशन अंतर्गत भालर कॉलोनी में 17 सितंबर की रात को हुई चोरी की उक्त घटना 18 सितंबर की रात 1.30 बजे प्रकाश में आई। शिकायतकर्ता नलिनी शशिकांत ढाक (38) निवासी भालर कॉलोनी की शिकायत पर शिरपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता नलिनी ढाक अपने पति व परिवार के साथ भालर कॉलोनी में रहती है व उनके पति WCL में नौकरी करते है। नलिनी के ससुर का निधन हो जाने के कारण वह अपने पति व बच्चों के साथ 17 सितंबर को पैतृक गांव चंद्रपुर जिले के धानोरा अंत्येष्टि में शामिल होने गई थी। पूरा परिवार 17 व 18 सितंबर को गांव ही रुक गया था। इसी दौरान 18 सितंबर की रात 1.30 बजे नलिनी की पड़ोसी महिला ने फोन कर उसके घर पर चोरी होने की जानकारी दी। जिसके बाद पूरा परिवार रात को 2.30 बजे भालर पहुंच गया।

शिकायत के अनुसार 17 सितंबर की रात 11:30 बजे से 18 सितंबर की रात 1:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर के पीछे के कमरे में रखी लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे ₹ 2,03,000 के सोने-चांदी के आभूषण और ₹ 50,000 नकदी मिलाकर कुल ₹2,53,000 के माल पर हाथ साफ कर दिया। कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि उसने चोरों को देखा है व सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकता है। चोरी की घटना के बारे में तत्काल कार्यवाही करते हुए शिरपुर पुलिस चोरों की जोरशोर से तलाश कर रही है।











