वणी टाईम्स न्यूज | शहर में रहकर उच्च शिक्षा हासिल कर रही एक विवाहित महिला ने अपने शौहर, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की शिकायत तथा महिला समुपदेशन केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह दिसंबर 2025 में वाशिम जिले के एक युवक के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। निकाह के बाद वह अपने ससुराल में रहने गई। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उसे घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगाई जाती थी और विभिन्न बातों को लेकर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
शिकायत के अनुसार, निकाह के दौरान मायके पक्ष की ओर से नकद राशि और घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि रकम नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा गाली-गलौज कर प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़िता ने यह भी बताया कि गर्भावस्था के दौरान उसे पर्याप्त देखभाल और पौष्टिक आहार नहीं दिया गया। इसी दौरान गिरने से उसका गर्भपात हो गया। महिला का आरोप है कि इस घटना के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।
महिला के अनुसार, उसके वालिद कई बार ससुराल पहुंचकर समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन विवाद बढ़ता गया। आखिरकार ससुराल पक्ष ने कथित रूप से दहेज की रकम लाने की मांग करते हुए महिला को घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5), 85 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










