वणी टाईम्स न्यूज : रेलवे साइडिंग निर्माण क्षेत्र में अनधिकृत गतिविधि रोकने से गुस्साए 4 युवकों ने ठेकेदार के साथ मारपीट कर उसकी कार में भी तोड़फोड़ की। शिरपुर पुलिस थाना अंतर्गत मुंगोली गांव में घटित घटना के संदर्भ में मिली शिकायत के बाद पुलिस ने चंद्रपुर जिले के घुग्घूस निवासी 4 युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता फ्रेंड्स कॉलोनी नागपुर निवासी पवन ज्ञानेश्वर मोहरकर (34), धोपटे ट्रेडर्स कंपनी के माध्यम से मुंगोली गांव के पास रेलवे साइडिंग का निर्माण कार्य कर रहे हैं। 28 दिसंबर 2025 को दोपहर के समय रेलवे साइडिंग का कार्य चल रहा था, तभी 3 से 4 अज्ञात व्यक्ति अनधिकृत रूप से निर्माण कार्य क्षेत्र में घुस गए। युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पवन ने उन्हें साइडिंग क्षेत्र से बाहर जाने को कहा। जिस पर उन्होंने विवाद किया और गाली-गलौज कर धमकी देकर चले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 7:15 बजे साखरा गांव स्थित उनके निवास स्थान के पास उक्त लोग पुनः आए। उस समय शिकायतकर्ता अपने मित्र राहुल पगाड़े, सुमीत वासनिक और आकाश नागपुरे के साथ कार में बैठे थे। तभी घुग्घूस निवासी राजन्ना, सद्दाम, दानिश और शाहरुख कुरैशी वहां पर पहुंचे व उन्होंने गाली-गलौज करते हुए लकड़ी डंडे से कार का कांच व हैडलाइट फोड़ दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने पवन मोहरकर को कार से बाहर निकालकर लाठी से मारपीट की। जाते जाते आरोपियों ने गाड़ी को जलाने व जान से मारने की धमकी दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शिरपुर पुलिस ने उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 3(5), 324(4), 351(2), 352 और 115(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वणी क्षेत्र में बढ़ा घुग्घूस के माफियाओं का आतंक !
पिछले कुछ समय से वणी क्षेत्र की कोयला खदानों व कोल साइडिंग में घुग्घूस के माफियाओं का आतंक बढ़ गया है। हथियारों की नोंक पर कोयला चोरी व हफ्ता वसूली करने वाले इन माफियाओं के खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने से इनके हौंसले बुलंद है। कोयला माफियाओं के साथ ही कुछ तथाकथित पत्रकारों द्वारा भी हफ्ता वसूली के लिए वेकोलि अधिकारियों को ब्लैकमेल करने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने समय रहते इन कोल माफियाओं पर लगाम नहीं लगाई तो आने वाले समय में कोयला खदानों में हिंसक घटनाओं की संभावना जताई जा रही है।










