वणी टाईम्स न्यूज : ईद ए मिलाद त्यौहार मनाने की तैयारी में लगे एक मुस्लिम परिवार की खुशियां आग ने छीन ली। खाना बनाते समय कड़ाही के तेल में लगी आग से रसोईघर का पूरा सामान व फर्नीचर जलकर राख हो गया। शहर के शास्त्रीनगर इलाके में शुक्रवार सुबह 10 बजे आगजनी की यह घटना प्रकाश में आई। आगजनी की खबर मिलते ही नगर परिषद फायर विभाग की दमकल ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। संयोग से आगजनी की इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुईं।
मिली जानकारी के अनुसार शास्त्रीनगर गौसिया अरबी मदरसा के पास आदिलखान इसराइल खान पठान का घर है। ईद का त्यौहार होने के कारण शुक्रवार को सुबह से घर ने खुशियों का माहौल था। पुरुष व बच्चे नए कपड़े पहन कर जुलूस में शरीक होने के लिए निकल गए थे। तो महिलाएं रसोई में खाना बनाकर कुछ देर के लिए बाहर निकली थी। दुर्भाग्यवश रसोई में गैस पर रखी कड़ाही के तेल से निकली लपट से चिमनी ने आग पकड़ली। रसोई से धुंआ निकलते देख कर महिलाएं रसोई की तरफ दौड़ी। लेकिन तब तक आग ने रसोई के इलेक्ट्रिक वायरिंग व फर्नीचर को अपनी आगोश में ले लिया था
घर में लगी आग की घटना के बारे में जानकारी मिलते ही नगर परिषद फायर सेफ्टी विभाग के अधिकारी नंदू बेलसरे, अग्निशमन वाहन के चालक देवीदास जाधव तुरंत दमकल वाहन के साथ पहुंचे। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की । जिसके कारण आग घर के बाकी के हिस्से में आसपड़ोस के घरों तक नहीं पहुंचीं
आगजनी की इस घटना में लगभग 2 लाख रुपए का रसोई के सामान व फर्नीचर जलकर राख हो गया। आगजनी की इस घटना में पठान परिवार की ईद की खुशियां भी राख हो गई। घटना के बारे में स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।










