वणी टाईम्स न्यूज | वणी वरोरा राज्यमार्ग पर गुरुवार की रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को युवक की बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। सावर्ला गांव के पास घटी इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक भास्कर कुमरे (40) निवासी रालेगांव की सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक भास्कर कुमरे वणी पंचायत समिति अंतर्गत महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवन्नोती अभियान (उमेद) कार्यालय में नौकरी पर था। गुरुवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MH29 BB 4449 से अपने ससुराल वरोरा की तरफ जाने को निकला था। रात को करीब 7.30 बजे के दौरान सावर्ला गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को उसकी बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने गंभीर घायल भास्कर कुमरे को वणी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मगर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सावर्ला गाव के पास गुरुवार को हुए इस हादसे की जगह पर इससे पूर्व भी इस तरह की दुर्घटनाओं में कई दुपहिया वाहन चालकों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बावजूद परिवहन व यातायात विभाग ने इस दुर्घटना स्थल को ब्लैक स्पॉट घोषित नहीं किया है। वणी वरोरा मार्ग व वणी यवतमाल मार्ग पर रात के समय बिना इंडिकेटर व रेडियम पट्टो के सड़क किनारे खड़े ट्रकों से टकराने के कारण प्रतिवर्ष सैकड़ों दुर्घटनाएं घटित हो रही है।










