वणी टाईम्स न्यूज :
वणी-वरोरा राज्य महामार्ग पर स्थित रेलवे फाटक के पास एक ट्रक चालक शनिवार सुबह मृतावस्था में पाया गया। यह घटना 28 जून की सुबह करीब 7:30 बजे सामने आई। मृतक चालक की पहचान श्रीचंद राजपूत बिहारी उर्फ शैला (50 वर्ष) निवासी खांदला, तहसील वणी के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार राज्य का निवासी श्रीचंद पिछले कई वर्षों से खांदला गांव में रह रहा था, और वर्तमान में कुलवंत सिंह की ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार, चालक श्रीचंद ने शुक्रवार को कोलारपिंपरी की कोयला खदान से कोयला भरकर वेकोली की रेलवे साइडिंग में उतारा था। इसके बाद जब वह वापस की ओर लौट रहा था, तो रेलवे फाटक के पास उसे अचानक अस्वस्थता महसूस हुई। चालक ने ट्रक को तत्काल सड़क के किनारे खड़ा कर मोबाइल से ट्रांसपोर्ट मालिक को तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। लेकिन किसी प्रकार की वैद्यकीय मदद मिलने से पूर्व ही उसे दिल का तेज़ दौरा पड़ा और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना से ट्रांसपोर्ट और ट्रक ड्राइवरों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। एक अनुभवी और भरोसेमंद चालक की इस तरह अचानक हुई मौत से क्षेत्र में दुख का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।










