वणी टाईम्स न्यूज : पेट्रोलपम्प से पेट्रोल भरवाकर घर के लिए निकली महिला की स्कूटी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उड़ा दिया। यवतमाल रोड पर गुल पेट्रोल पंप के सामने बुधवार 19 नवम्बर को दोपहर साढ़े तीन बजे के लगभग हुए हादसे में स्कूटी चालक महिला की जगह पर ही दर्दनाक मौत हो गई। नाजनीन फातिमा शेख (40) निवासी ख्वाजा नगर, लालपुलिया यह मृतक महिला का नाम है।
मिली जानकारी के अनुसार लालपुलिया क्षेत्र में ऑयल बिक्री का व्यवसाय करने वाले मकसूद शेख की पत्नी नाजनीन दोपहिया में पेट्रोल डलवाने के लिए गुल पेट्रोल पंप पर गई थी। पेट्रोल भरवाकर के बाद वो जैसे ही वणी यवतमाल मार्ग पर मुड़ी, उसी समय मारेगाव से वणी की तरफ आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसको रौंद दिया। हादसे में स्कूटी चालक महिला के सिर पर से ट्रक का पहिया गुजरने के कारण महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वणी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतका के शव का पंचनामा करने के बाद पुलिस ने शव सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के लिए जवाबदार ट्रक को पुलिस ने जब्त कर ड्राइवर पर मामला दर्ज किया है। हादसे में मृत महिला के पीछे पति, दो लड़कियां व एक लड़का बताया जाता है।
सड़क किनारे खड़े ट्रक बने मौत के सौदागर
वणी यवतमाल मार्ग पर लालपुलिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निजी व्यापारियों के कोयला डिपो है। इस कारण इस क्षेत्र में कई ट्रक रातदिन सड़क के किनारे खड़े रहते है। आज घटित हुए इस दर्दनाक हादसे का कारण भी गुल पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर खड़े ट्रक बताए जाते है। पेट्रोल पंप से निकली महिला को दूसरी साइड से आ रहा ट्रक दिखाई नहीं दिया, और नाहक उसकी जान गंवानी पड़ी।










