वणी टाईम्स न्यूज : चिलचिलाती गर्मी में जब पारा 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, और यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे समय में वणी रेलवे स्टेशन पर ‘श्री महावीर बहुउद्देशीय सेवाभावी संस्था’ द्वारा चलाई जा रही नि:शुल्क जल सेवा यात्रियों के लिए अमृत के समान प्रतीत हो रही है। वणी रेलवे स्टेशन पर शुरू इस उपक्रम से प्रेरणा लेकर रेलवे विभाग अन्य स्टेशनों पर भी इस तरह की पहल को बढ़ावा देगा। ऐसे विचार नागपुर रेलवे मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक (जनरल एवं कैटरिंग) प्रदीप प्रसाद ने व्यक्त किए।
सोमवार को वणी रेलवे स्टेशन निरीक्षण के दौरान जल सेवकों का उत्साह व समर्पण को देखकर वे अत्यंत प्रभावित हुए। संस्था के इस प्रयास को “सच्ची सेवा का उदाहरण” बताते हुए कहा कि ऐसे उपक्रम रेलवे और समाज दोनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। निरीक्षण के दौरान ACM प्रदीप प्रसाद ने स्वयं जलसेवा का अनुभव लिया व समिति पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ संवाद किया। निःशुल्क जल सेवा के लिए श्री महावीर बहुउद्देशीय सेवाभावी संस्था का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन इस सेवा का पूरा सहयोग करता रहेगा और अन्य स्टेशनों पर भी इस तरह की पहल को बढ़ावा देगा।
उल्लेखनीय है कि श्री महावीर बहुउद्देशीय सेवाभावी संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों से वणी रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए निःशुल्क जलसेवा उपक्रम चलाया जा रहा है। संस्था के स्वयंसेवकों द्वारा स्टेशन पर आनेजाने वाली ट्रेन के यात्रियों को उनके डब्बे में ही शुद्ध व ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाता है। गर्मियों के मौसम में रेल यात्रियों के लिए ठंडे व स्वच्छ जल की यह नि:शुल्क सुविधा न केवल राहत देती है, बल्कि मानवता का अनुभव भी कराती है।










