वणी टाईम्स न्यूज : जिला पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच ने वणी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में की गई विशेष कार्रवाई में कार में अवैध रूप से देशी शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई 9 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपी मो. इरफान मो. सिद्दीकी, भीमनगर वणी निवासी को गिरफ्तार कर लिया।

वणी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों व अवैध व्यवसाय के मद्देनजर क्राइम ब्रांच की टीम गश्त पर थी। उसी दौरान दल को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MH 31 BC 1777 में देशी शराब भरकर नांदेपेरा रोड से बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर चालक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद इरफान मोहम्मद सिद्दीकी (37), निवासी भिमनगर, वणी बताया। वाहन की तलाशी लेने पर 90 एमएल और 180 एमएल क्षमता की कुल 1,048 बोतल देशी शराब, जिसकी कीमत ₹43,840, तथा तस्करी में उपयोग की गई कार समेत कुल ₹3,43,840 का माल जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी कानून के तहत मामला दर्ज कर आरोपी व माल को आगे की कार्रवाई के लिए वणी पुलिस स्टेशन के हवाले किया गया। मामले की जांच वणी पुलिस स्टेशन के अधिकारी अविनाश चिकराम कर रहे हैं।
उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक सतिश चवरे, सहायक पुलिस निरीक्षक दत्ता पेंडकर, पुलिस कांस्टेबल सुनिल खंडागळे, सुधीर पांडे, निलेश निमकर, सुधीर पिदुरकर, कांस्टेबल सलमान शेख, रजनिकांत मडावी और पुलिस वाहन चालक सतिश फुके द्वारा सफलतापूर्वक की गई।










