वणी टाईम्स न्यूज : महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजीत अशाताई अनंतराव पवार का बुधवार, 28 जनवरी 2026 को बारामती मे विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से राज्यभर में शोक की लहर फैल गई है। इस दुःखद घटना के मद्देनज़र महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, मुंबई की ओर से जारी आधिकारिक वायरलेस संदेश के अनुसार, स्वर्गीय अजीत पवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए 28 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक (दोनों दिन सम्मिलित) राज्य में राजकीय शोक मनाया जाएगा। इस अवधि में सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहाँ नियमित रूप से ध्वज फहराया जाता है।
सरकारी निर्देशों के अनुसार, शोक अवधि के दौरान राज्य में किसी भी प्रकार का आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उप मुख्यमंत्री के निधन के कारण बुधवार, 28 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रखने की घोषणा भी की गई है।

उक्त आदेश मुख्यमंत्री सचिवालय, राज्यपाल सचिवालय, विधानमंडल सचिवालय, सभी विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित सभी प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने हेतु प्रसारित किया गया है। स्वर्गीय अजीत पवार के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।










