वणी टाईम्स न्यूज : शहर के भीड़भाड़ वाले गांधी चौक इलाके में एक शातिर नाबालिग चोर ने बड़ी चालाकी से बाइक पर लटकी 50 हजार रुपये की थैली चोरी कर ली। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समीपस्थ लालगुडा निवासी किसान शंकर धोटे ने भारतीय स्टेट बैंक से अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे। पैसे एक थैली में रखकर उन्होंने अपनी बाइक के हैंडल पर लटका दिए और गांधी चौक क्षेत्र से गुजर रहे थे।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उनके शर्ट पर मैला फेंक दिया। शर्ट गंदी होने पर शंकर धोटे ने बाइक रोककर कपड़े साफ करना शुरू किया। इसी मौके का फायदा उठाते हुए वहां पहले से नजर बनाए बैठे एक नाबालिग लड़के ने बाइक के हैंडल पर टंगी रुपयों से भरी थैली चुरा ली और मौके से फरार हो गया।
चोरी की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी लड़का साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित किसान ने इस मामले की शिकायत वणी पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी नाबालिग चोर की तलाश में जुटी हुई है।










