वणी टाईम्स न्यूज | वणी लायन्स इंग्लिश मीडियम स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में एस.एस.सी. परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके पालकों का सम्मान समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भूतपूर्व विधायक व वणी लायन्स चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष संजीवरेड्डी बोदकुरवार ने की।कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में बलदेव खुंगर, विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर प्रशांत गोडे तथा विद्यालय की प्राचार्या चित्रा देशपांडे उपस्थित थीं।
इस अवसर पर 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 70 विद्यार्थियों एवं उनके पालकों का सम्मान किया गया। विशेष बात यह रही कि विद्यालय के 14 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। साथ ही विद्यालय का एस.एस.सी. परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय की प्रतिष्ठा में और वृद्धि हुई है।
इस दौरान अध्यक्ष संजीव रेड्डी बोदकुरवार ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि “मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों के बल पर ही सफलता प्राप्त होती है।” उपस्थित मान्यवरों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों एवं पालकों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन विजय भगत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन लंकेश चुरे ने माना। समारोह के सफल आयोजन हेतु विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम किए।










