वणी टाईम्स न्यूज : वेकोली क्षेत्र में विभिन्न विवादों के चलते पहले से चर्चा में रहने वाला एक मजदूर नेता एक बार फिर नए कारणों से सुर्खियों में है। सुरक्षा समिति में प्रतिनिधित्व समाप्त होने के बाद संबंधित नेता द्वारा दूसरी मजदूर संगठन में शामिल होने की कोशिश किए जाने की चर्चा वेकोली मजदूर वर्ग में जोर पकड़ रही है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में दूसरे संगठन के मजदूर नेताओं के साथ उनकी बातचीत भी चल रही है।

इसी बीच संगठन परिवर्तन की चर्चाओं के बीच एक और मामला सामने आया है। भालर स्थित वेकोली कॉलोनी में मजदूर संगठन के कार्यालय में लगाए गए 3 AC व कुर्सियां हटाए जाने की जानकारी संगठन से जुड़े कुछ सदस्यों द्वारा दी गई है। इस घटना के बाद मजदूर वर्ग में नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है। संगठन छोड़ने से पहले कार्यालय की सामग्री हटाए जाने को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जिस कार्यालय से संबंधित नेता कई वर्षों तक मजदूरों का नेतृत्व करते रहे, उसी कार्यालय से सामग्री हटाने की चर्चा के कारण संगठन के कुछ पदाधिकारी और सदस्य असंतोष व्यक्त कर रहे हैं। कुछ सदस्यों का कहना है कि संगठन की संपत्ति किसी व्यक्ति विशेष की नहीं बल्कि मजदूरों की सामूहिक संपत्ति होती है।
गौरतलब है कि संबंधित नेता को पूर्व में कुछ विवादों के बाद वेकोली सुरक्षा समिति से बाहर किए जाने की चर्चा भी रही है। अब संगठन बदलने की संभावित गतिविधियों और कार्यालय से एसी व कुर्सियां हटाने की चर्चाओं ने मजदूर संगठनों के भीतर चल रही गुटबाजी और नेतृत्व संघर्ष को फिर से चर्चा में ला दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर वेकोली मजदूर संगठनों में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, हालांकि संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










