वणी टाईम्स न्यूज | शहर में किसी बड़ी वारदात की आशंका के बीच वणी पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक युवक को धारदार सत्तूर के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर घातक हथियार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया और उसके कब्जे से लोहे का धारदार सत्तूर जब्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 15 जून 2026 को वणी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक भानुदास पिदुरकर के निर्देश पर पुलिस टीम रंगारीपुरा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से अवैध रूप से रखा गया एक धारदार लोहे का सत्तूर बरामद हुआ।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की नीयत से यह घातक हथियार अपने साथ लेकर घूम रहा था। पुलिस ने तत्काल हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश रमेश मोहबिया (35 वर्ष), निवासी रंगारीपुरा, वणी के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक कपिल पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक साजिद सैय्यद, पुलिस हेड कांस्टेबल गजानन सावसाकडे, नायक पुलिस कांस्टेबल विशाल राठोड, पुलिस कांस्टेबल आकाश अवचारे, मोनेश्वर खंडारे, गणेश मेश्राम तथा नंदकुमार पुप्पलवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरोपी के खिलाफ वणी पुलिस स्टेशन में भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वणी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










