वणी टाईम्स न्यूज : 20 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंधों के चलते 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 7 महीने की गर्भवती किशोरी को उसके परिजन गर्भपात कराने के उद्देश्य से वणी के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में दस्तावेजों की जांच के दौरान किशोरी की उम्र 18 वर्ष से कम होने की जानकारी सामने आने पर चिकित्सक ने नियमानुसार वणी पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर किशोरी से पूछताछ की। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसकी पहचान प्रथम बोटलावार नामक 20 वर्षीय युवक से हुई थी। दोनों के बीच पिछले 5 साल से प्रेम संबंध थे और इसी दौरान युवक ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई।
किशोरी के बयान के आधार पर वणी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में लिया। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार तथा पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच वणी पुलिस द्वारा की जा रही है।
विशेष: कानून के अनुसार नाबालिग के साथ उसकी सहमति से बनाए गए शारीरिक संबंध भी अपराध की श्रेणी में आते हैं और ऐसे मामलों में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।










