वणी टाईम्स न्यूज : शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए 28 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति, जेठ, सासु व विवाहित ननद के खिलाफ वणी पुलिस थाने में उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति विक्की राजू जोसेफ (33) निवासी भद्रावती, जिला चंद्रपुर सहित चारो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वणी तहसील के राजुर कॉलरी निवासी महिला का विवाह वर्ष 2021 में डिफेंस फैक्ट्री भद्रावती में कर्मचारी विक्की राजू जोसेफ के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिनों बाद गर्भावस्था में डॉक्टरी परीक्षण के दौरान महिला को सिकलसेल बीमारी होने की जानकारी सामने आई। जिसके बाद घर काम ठीक ढंग से नही करने का आरोप लगाकर उसकी सास ने उसे लगातार प्रताड़ित करना शुरु कर दिया।
शिकायत के अनुसार मायके में प्रसूति के 3 महीने बाद महिला ससुराल भद्रावती गई। लेकिन उसके ससुराल वालो का रवैया नही बदला। सास ने उसके पति, जेठ व ननद को भी बहु के खिलाफ भड़काना शुरु कर दिया। जिसके चलते पति विक्की भी उसके साथ मायके से पैसे लाने की मांग कर मारपीट करने लगा। इतना ही नही ब्रह्मपुरी में रहने वाला उसका जेठ फिलिप जोसेफ व वर्धा निवासी उसकी ननद भी उसके घर में आकर उसके साथ गाली गलौज करने का आरोप महिला ने लगाया है। जुलाई 2022 में सास व पति ने महिला को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।
आखिरकार पीड़ित विवाहिता ने 3 जनवरी 2024 को वणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने उक्त मामला सुलझाने के लिए महिला समुपदेशन केंद्र पांढरकवड़ा की तरफ भेजा। मगर केंद्र में दोनो पक्षों का समझौता नही हो सका। जिसके बाद महिला समुपदेशन केंद्र से प्राप्त प्रतिवेदन पर विवाहिता ने मंगलवार 24 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34, 498(A) आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया।