वणी टाईम्स न्यूज | लगभग एक लाख की आबादी वाले वणी शहर में पिछले कुछ समय से कथित रूप से बढ़ रहे देह व्यापार और उसमें नाबालिग लड़कियों की संलिप्तता को लेकर सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों के बीच गंभीर चिंता व्यक्त की जा रही है। शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले चौक से लेकर बाहरी क्षेत्रों में स्थित कुछ लॉज और होटलों में खुलेआम देह व्यवसाय की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कुछ होटलों और लॉजों में शहर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अविवाहित और विवाहित प्रेमी जोड़ों को प्रति घंटे के आधार पर कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं यह भी चर्चा है कि कुछ होटलों में विशेष ग्राहकों की मांग पर बाहरी राज्यों, विशेषकर नागपुर, मुंबई, बंगलुरू से कालगर्ल तक उपलब्ध कराई जा रही है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह बताया जा रहा है कि इस कथित अवैध गतिविधि में कुछ नाबालिग लड़कियों के भी शामिल होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार शहर की सीमा पर बसी एक नगरी में किराए के मकान में रहने वाली 5-6 युवतियों के देह व्यापार से जुड़े होने की चर्चा है। इनमें से कुछ अवयस्क बताई जाती है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इन युवतियों को खुलेआम धूम्रपान और शराब का सेवन करते देखा जाता है ।जिससे शहर का सामाजिक वातावरण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
इसी प्रकार कुछ स्थानों पर महिलाओं द्वारा अपने निवास स्थान से कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की चर्चा भी शहर में जोरों पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि शहर में वास्तव में इस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो उनका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ सकता है। कुछ लोगों ने दावा किया कि नाबालिग और छात्र वर्ग भी ऐसे कथित नेटवर्क के संपर्क में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में पड़ सकता है।
पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल ?
शहर में फैल रहे देह व्यापार के बारे में बारबार जानकारी दिए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा इन होटलों व लॉजिंग के खिलाफ किसी तरह की कार्यवाही न करना कई संदेह को जन्म दे रहा है। वयस्क महिला पुरुषों के बारे में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देकर पुलिस अपने कर्तव्यों से हाथ झटकते नजर आ रही है।
नागरिकों ने वणी पुलिस से मांग की है कि शहर के लॉज, होटल, किराये के मकानों और संदिग्ध स्थानों की व्यापक जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए। साथ ही यदि किसी भी प्रकार से नाबालिग लड़कियों द्वारा जबरदस्ती देह व्यापार या मानव तस्करी जैसी गतिविधियां सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
नोट: इस समाचार में उल्लिखित कई आरोप स्थानीय सूत्रों और नागरिकों द्वारा व्यक्त आशंकाओं पर आधारित हैं। वणी टाईम्स इन दावों की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।











