वणी टाईम्स न्यूज : तहसील के कुम्भारखनी गांव में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक खेतिहर महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महिला का नाम सुरेखा सुधाकर चट्टे (40) बताया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेखा चट्टे अपने पति के साथ खेत में जानवर चराने के लिए गई थीं। मंगलवार शाम अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान दोनों पति-पत्नी घर लौटने के लिए निकले। इसी दौरान महिला ने अपने पति से कहा कि वह जानवरों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था कर के आती है, जिसके बाद पति घर लौट आया।
काफी समय बीत जाने के बाद भी सुरेखा घर नहीं पहुंची तो उनके पति को चिंता हुई। वह दोबारा खेत में देखने गया, जहां सुरेखा निश्चल अवस्था में पड़ी मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि खेत में काम करते समय उस पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। मामले की सूचना वणी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।










