वणी टाईम्स न्यूज | वणी-मारेगाव मार्ग पर निंबाळा रोड के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मारेगाव निवासी 37 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना मंगलवार, 19 मई की रात करीब 9:30 बजे हुई। मृतक का नाम सचिन जगन देवाळकर, निवासी मारेगाव बताया गया है। घटना के बाद पूरे मारेगाव शहर में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन देवालकर मंगलवार रात 9 बजे के लगभग अपनी वॅगनआर कार से मारेगाव से चंद्रपुर जाने के लिए निकला। दरमियान सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में सचिन की कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण सचिन देवाळकर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सचिन के शव को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर मारेगाव ग्रामीण अस्पताल लाया गया। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
मृतक सचिन के परिवार में मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक सड़क हादसे में मौत होने से देवाळकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की की आगे की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।










