वणी टाईम्स न्यूज : मारेगांव तहसील के केगांव में दिल दहलाने वाली एक घटना सामने आई है। खेत से काम कर घर लौट रही एक महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। बिजली का जोरदार शॉक लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्देवी घटना में मृत महिला का नाम केगांव निवासी मेघा गणपत पानघाटे (45) बताया जाता है।
बताया जाता है कि शुक्रवार शाम 5 बजे के लगभग अचानक मौसम खराब हो गया। बूंदाबादी व मेघ गर्जना शुरू होते ही खेत में काम कर रही मेघा पानघाटे व अन्य एक महिला घर जाने के लिए निकली। मगर रास्ते में ही मेघा के ऊपर बिजली गिर गई। जबकि उसके साथ चल रही महिला भी बिजली का झटका लगने के कारण घायल हो गई। मृतक मेघा पानघाटे के पीछे पति, लड़का व एक विवाहित लड़की बताई जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।