वणी टाईम्स न्यूज : रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे दंपत्ति की एक्टिवा मोपेड को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। वणी नांदेपेरा मार्ग पर रविवार रात वांजरी के पास हुए इस हादसे में दोपहिया पर पीछे बैठी पत्नी की मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल पति को इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरोरा तहसील के बोर्डा गांव निवासी पुंडलिक वऱ्हाटे अपनी एक्टिवा दोपहिया क्रमांक MH34 BU 4639 से पत्नी शुभांगी वऱ्हाटे के साथ मारेगाव तहसील के लाखापुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद शाम को वापस गांव जाते समय वांजरी गांव के पास शाम 6.30 बजे के दौरान अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में एक्टिवा पर पीछे बैठी शुभांगी वऱ्हाटे उछल कर सड़क पर जा गिरी। शुभांगी के सिर में चोट लगने की वजह से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जबकि दोपहिया चला रहे पुंडलिक वऱ्हाटे गम्भीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चारपहिया वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया । घटना की जानकारी मिलते ही वणी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व पंचनामा कर शव वणी ग्रामीण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार भी सोमवार सुबह सरकारी अस्पताल में पहुंच गए।
दुर्घटना में मृत शुभांगी वऱ्हाटे के पीछे एक लड़का व दो विवाहित लड़कियां बताई जाती है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन की तलाश की जा रही है।