वणी टाईम्स न्यूज : गुरुवार को सुबह बादलों की गड़गड़ाहट व बिजली कड़कने के साथ ही शुरू हुई बरसात के दौरान खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक किसान का नाम झरीजामनी तहसील के बंदीवाढोना निवासी वसंतराव नरसिंग चव्हाण (40) बताया जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही मुकुटबन पुलिस ने घटनास्थल पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पांढरकवड़ा स्थित सरकारी अस्पताल में भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। खरीफ फसल के लिए खेत को तैयार करने के लिए किसान वसंत चव्हाण सुबह से खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान 9 बजे अचानक अचानक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बरसात शुरु हो गई। किसान वसंत चव्हाण बारिश से बचने के लिये आसरा ढूंढ रहा था, की अचानक आसमान में कड़की बिजली उसके ऊपर आ गिरी। जिससे उसकी जगह पर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव वासीयों ने खेत की तरफ दौड़ लगा दी। घटना के बारे मुकुटबन पुलिस को सूचित किया गया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक किसान के पीछे परिवार में वृद्ध मातापिता, पत्नी व 2 लड़के बताए जाते है।