वणी टाईम्स न्यूज : राज्य में विधानसभा चुनावों की आहट सुनाई देने लगी है। सभी राजनैतिक पार्टियों के नेता अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय हो गए है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भी खुद के दम पर चुनावों में उतरने की तैयारी कर चुकी है। इसी के तहत मनसे प्रमुख राज ठाकरे गुरुवार 22 अगस्त को वणी आने की जानकारी मनसे नेता राजू उम्बरकर ने दी है। 22 अगस्त को शाम 7 बजे ठाकरे होटल जन्नत सेलिब्रेशन पहुंचेंगे। जहां मनसे पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
होटल जन्नत में रात्रि विश्राम के बाद 23 की सुबह 10 बजे ठाकरे वणी विधानसभा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 11 बजे मनसे कार्यकर्ताओं की तरफ से स्थानीय छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर राज ठाकरे का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे मनसे नेता राजू उम्बरकर के जनसंपर्क कार्यालय ‘शिवमुद्रा’ जाएंगे। कुछ देर रुकने के बाद राज ठाकरे वर्धा के लिए रवाना होंगे।
सम्पूर्ण विदर्भ में एकमात्र वणी विधानसभा क्षेत्र में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का प्रभुत्व है। आने वाले विधानसभा चुनाव में मनसे की तैयारियों का जायजा व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन मनसे प्रमुख करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि वणी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी के नाम की घोषणा इस समय राज ठाकरे कर सकते है।