वणी टाईम्स न्यूज : कुएं में व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस जिसे आत्महत्या का मामला समझ रही थी, दरअसल वो आत्महत्या न होकर अनैतिक संबंधों के चलते हुई हत्या का मामला निकला। यवतमाल जिले के वणी पुलिस स्टेशन अंतर्गत राजुर (कॉलरी) में 25 मार्च 2024 को घटित इस हत्याकांड के तीनो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों के नाम सिद्धार्थ मारुति शनूरवार (34), दिवाकर शंकर गाडेकर (28) व पिंटू वामन मेश्राम (39) निवासी राजुर (कॉलरी) बताए जाते है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक नामदेव पोचम शनुरवार (50) के एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। यह बात महिला के बेटे को पता चल गई। रिश्तेदारों द्वारा समझाने के बावजूद नामदेव महिला से संबंध तोड़ने को राजी नही हुआ। इससे नाराज बेटे ने मां के आशिक का कांटा निकालने की योजना बनाई। इस योजना में उसने अपने दो दोस्तो को भी शामिल कर लिया। योजना के अनुसार 25 मार्च 2024 को आरोपियों ने नामदेव को जमकर शराब पिलाई। इसके बाद उसे रेलवे पटरी के पास ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की।
पिटाई से नामदेव की मौत होने के बाद तीनों ने उसके शव को कुएं में फेंक दिया। कुएं में नामदेव का शव मिलने के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मृतक की बहन शोभा अडकिलवार ने अपने भाई के अवैध संबंधों की जानकारी व इसी के चलते हत्या होने का संदेह व्यक्त करते हुए आरोपियों के नाम पुलिस को बताए।
जानकारी के आधार पर वणी पुलिस थाने के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर ने राजुर गांव से तीनो युवकों को उठाकर थाने ले आए। थाने में तीनों आरोपियों से पुलिसिया शैली में अलग अलग पूछताछ करने पर उन्होंने पूरी घटना बयान कर दी। मुख्य आरोपी ने बताया कि मृतक नामदेव के उसकी मां के साथ अनैतिक संबंध थे। इसी के चलते उसने दोस्तो के साथ योजना बनाकर नामदेव की हत्या की। हत्या की घटना को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से आरोपियों ने लाश कुएं में डाल दी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी धारा 302, 201, 34 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। उक्त कार्यवाही उप विभागीय पुलिस अधिकारी गणेश किंद्रे व पुलिस निरीक्षक गोपाल उम्बरकर के मार्गदर्शन ने एपीआई निलेश अपसुन्दे, अविनाश बानकर, अमोल अन्नेरवार, शंकर चौधरी, रितेश भोयरने की।