वणी टाईम्स न्यूज : शहर के एक नामी स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ रही नाबालिग छात्रा लापता हो गई। छात्रा 7 अप्रैल को सुबह 9 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली। मगर शाम तक वापस घर नही आई। सब जगह ढूंढने के बाद भी नाबालिग छात्रा का कोई पता नही चला। आखिरकार लड़की की मां ने वणी पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता 34 वर्षीय महिला के अनुसार उसकी 14 वर्षीय लड़की सायरा (काल्पनिक नाम) शहर के एक स्कूल में 8 वीं कक्षा में पढ़ती है। प्रतिदिन की तरह 7 अप्रैल को सुबह 9 बजे वो स्कूल जाने की कहकर घर से निकली। लेकिन स्कूल छूटने के बाद भी दोपहर 3 बजे तक घर नही आई। इंतजार करने के बाद भी जब लड़की घर नहीं आई तो परिजनों ने लड़की की सहेलियों व रिश्तेदारों के यहां पर खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चला।
नाबालिग़ छात्रा जब घर से निकली तब उसके शरीर पर स्कूल ड्रेस व स्कूल बैग साथ में था। छात्रा की अज्ञानता का फायदा उठाते हुए किसी अनजान व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत महिला ने पुलिस थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर वणी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।