वणी टाईम्स न्यूज : शहर के सरकारी दवाखाने के सामने स्थित रेस्टोरेंट के मालिक की करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार 1 नवंबर को सुबह 11.30 बजे के दौरान हुए इस हादसे में जनता ढाबा व रेस्टोरेंट के मालिक शाहिद खान हयात खान (45) की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के गुरुनगर में रहने वाले शाहिद खान सरकारी दवाखाने के सामने जनता ढाबा व रेस्टोरेंट चलाते थे। दिवाली त्यौहार के चलते शाहिद शुक्रवार को होटल की साफ सफाई कर रहे थे। होटल में लगे इनवर्टर को सरकाकर साफ सफाई करने के दौरान उनको बिजली का तार का जोरदार झटका लगा। होटल के कर्मचारियों ने तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद कर शाहिद को सरकारी अस्पताल लेकर गए। लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया।
शाहिद खान की हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही परिवारजन व बड़ी संख्या में नागरिक अस्पताल में जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल व मृतदेह पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक शाहिद खान के पीछे, पत्नी, 2 लड़कियां, 1 लड़का, भाई, बहन व भरापुरा परिवार है। मिलनसार प्रवृति के शाहिद खान की मौत से शहर में ग़म का माहौल हो गया है।