वणी टाईम्स न्यूज | शहर के साईं नगरी निवासी युवक यश सुगन कोचर (29) की संदिग्ध मौत का मामला अब और अधिक रहस्यमय होता जा रहा है। घटना के छह दिन बाद मृतक के परिजनों ने वणी पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की गहन जांच की मांग की है। परिजनों का सवाल है कि आखिर शुक्रवार की उस रात होटल की डोरमेट्री में ऐसा क्या हुआ, जिससे यश की अचानक मौत हो गई ?

शिकायत के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे तक यश एक विवाह समारोह में मौजूद था। रात करीब 12.30 बजे वह घर पहुंचा, कपड़े बदले और मां से यह कहकर निकला कि वह दोस्तों के साथ होटल में रुकेगा तथा सुबह वापस आ जाएगा। लेकिन सुबह करीब 7 बजे परिवार को उसके मौत की सूचना मिली।
जानकारी के अनुसार वरोरा रोड स्थित होटल आशीर्वाद की डोरमेट्री 10 लोगों के लिए बुक की गई थी। उस रात वहां नागपुर के तीन युवक, वणी के चार मित्र तथा यश मौजूद थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि होटल के रजिस्टर में बाकी सात युवकों के नाम दर्ज हैं, लेकिन यश का नाम कहीं दर्ज नहीं है।
बताया जाता है कि शनिवार तड़के यश की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसके दोस्त उसे वणी के एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसके मित्र यश के शव को सरकारी अस्पताल के एक कमरे में रखकर वहां से गायब हो गए। होटल में यश के साथ ही रुके नागपुर के तीन युवक भी घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं।

शराब पार्टी और ओवरडोज की चर्चा
घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि उस रात होटल में दोस्तों के बीच जमकर शराब पार्टी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन (ओवरडोज) के कारण यश का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया और उसे दिल का दौरा पड़ा।
हालांकि, यश ने किस प्रकार के पदार्थ का सेवन किया था, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्राथमिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
दोस्तों से पूछताछ में खुल सकता है मौत का राज
परिजनों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि घटना वाली रात यश के साथ होटल में मौजूद उसके दोस्तों से कड़ाई से पूछताछ की जाए तो मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सकती है।
फिलहाल वणी पुलिस होटल आशीर्वाद के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।










