वणी टाईम्स न्यूज – शहर में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न करने पर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस प्रकरण में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला का विवाह वर्ष 2024 में चंद्रपुर निवासी तौफीक रमजान शेख के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और सास ससुर ने दहेज न मिलने की बात को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं तो महिला की दो विवाहित ननद व उनके पति ने भी पीड़िता के पति को भड़काने का काम किया।
आरोप है कि महिला के पति ने बार-बार मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया। साथ ही सास-ससुर भी उसे ताने देते रहे और पति को दूसरी शादी करने के लिए उकसाते थे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वर्ष 2025 में महिला को घर से निकाल दिया गया। बाद में परिजनों ने समझौते के तहत कुछ आर्थिक मदद देकर महिला को फिर ससुराल भेजा, लेकिन वहां भी प्रताड़ना जारी रही। इसी दौरान पति ने मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पैसे लाने की मांग की। महिला द्वारा असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर छोड़ने के लिए मजबूर किया गया।
प्यार का जाल, फिर ब्लैकमेल: विवाहित महिला से दुष्कर्म के बाद फोटो वायरल करने की धमकी
पीड़िता ने इस संबंध में पहले महिला समेट कक्ष, पांढरकवड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समझौता नहीं हो सका। अंततः उसने पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पति तौफीक रमजान शेख (25),निवासी चंद्रपुर व सास-ससुर सहित अन्य परिजनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 3(5) और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है और मामले की जांच जारी है।










