वणी टाईम्स न्यूज : शहर में चोरी की वारदाते लगातार बढ़ रही है। पुलिस की रात्रिकालीन गश्त के बावजूद चोर हर दो चार दिन में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। रविवार रात चोर पदमावती नगर में एक घर में सेंधमारी कर 1 लाख 92 हजार नगद रकम ले उड़े। चोरी की घटना के बारे में मकान मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
मिली जानकारी के अनुसार पदमावती नगरी में रहने वाले निखिल झाड़े के पिता बालकृष्ण झाड़े की तबियत खराब होने के चलते 22 दिसंबर को वो पिताजी को लेकर नागपुर गए थे। घर पर ताला लगा देखकर चोरों ने रात के समय बंद घर को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर बेडरूम में रखी अलमारी व सूटकेस में रखे 1 लाख 92 हजार की नगद रकम लेकर फरार हो गए।
निखिल झाड़े के घर की ऊपरी मंजिल पर उनकी बहन रहती है। सुबह बहन उठने के बाद उन्हें नीचे रहने वाले उनके भाई निखिल के घर का दरवाजा खुला दिखा। उन्होंने भाई को फोन कर उनके घर में चोरी होने की जानकारी दी। चोरी की जानकारी मिलते ही निखिल भागेदौडे नागपुर से घर पहुंचे तो उन्हें घर का सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला। अलमारी व सूटकेस की जांच करने पर उसमें रखे 1 लाख 92 हजार की रकम गायब दिखी।
चोरी की घटना के बाबत शिकायतकर्ता निखिल झाड़े ने वणी पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने पुलिस विभाग के डॉग स्क्वॉड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया। मगर चोरों के बारे में अधिक जानकारी नही मिल सकी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305(A) व 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
4 लाख की चोरी के आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर
लगभग 15 दिनों पूर्व शहर के मध्य में स्थित जिला परिषद कॉलोनी में बालकृष्ण भुसारी के घर में हुई चोरी का पता पुलिस अब तक नहीं लगा पाई है। चोरों ने वृद्ध महिला के 90 ग्राम सोने के आभूषण व नगदी 40 हजार सहित 4 लाख रुपयों का माल साफ कर दिया था। मगर उक्त चोरी के आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस पर भारी पड़ रहे है चोर ?
वणी में पुलिस थाने के डीबी दस्ते के अलावा उप विभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) का दस्ता, यातायात नियंत्रण शाखा व अपराध शाखा (LCB) पुलिस का दल तैनात है। बावजूद इसके शहर की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। चोर लुटेरों के आतंक से नागरिक परेशान है। चोर बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम दे रहे है। जबकि पुलिस चोरों के सामने बेबस नजर आ रही है।