वणी टाईम्स न्यूज : शुक्रवार दोपहर पाटाला पुल से वर्धा नदी में कूदी युवती का रविवार सुबह तक कोई सुराग नहीं मिला। वणी वरोरा मार्ग पर पाटाला से लेकर चंद्रपुर तक वर्धा नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। युवती की तलाश मे राज्य आपदा राहत बल (SDRF) की टीम के साथ पुलिस व राजस्व कर्मी कडी मशक्कत कर रहे है।
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मारेगाव तहसील की रहने वाली माधुरी खैरे (28) ने वरोरा मार्ग पर पाटाला स्थित पुल से उफनती हुई वर्धा नदी में छलांग लगा दी थी। नदी में कूदने से पहले युवती ने अपना पर्स, मोबाइल व चप्पल निकाल कर पुल पर रख दिए थे। घटना की जानकारी मिलते ही वणी पुलिस व तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरु किया।
नदी में पानी का तेज बहाव और लगातार बारिश के चलते तलाशी अभियान में दिक्कते आ रही है। SDRF की टीम के साथ ही स्थानीय गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है। मगर पिछले 40 घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद भी युवती का अभी तक कोई सुराग नहीं मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मारेगांव की रहने वाली माधुरी के पिता का 10 वर्ष पूर्व देहांत हो गया था। जबकि कुछ माह पूर्व एक हादसे में उसकी मां भी चल बसी थी। माता पिता की मृत्यु के बाद परिवार में माधुरी व उसका बड़ा भाई यश बचा था। माधुरी ने हाल ही में वणी के एक महाविद्यालय से फार्मासिस्ट (D.Farm) का कोर्स पूरा किया था। उसकी आर्थिक परिस्थिति भी अच्छी बताई जाती है। बावजूद इसके आत्महत्या के इरादे से नदी में कूदने के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।