वणी टाईम्स न्यूज : स्थानीय एक स्कूल में बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा परिजनों को बिना बताए घर से लापता हो गई। छात्रा अपने साथ स्कूल बैग, कपड़े, मोबाईल व घर में रखे 500 रुपए भी साथ ले गई। सब जगह खोज करने के बाद भी लापता छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद छात्रा की नानी ने वणी पुलिस थाने में उसकी नाबालिग नातिन को अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई।
शहर के एक वार्ड में रहने वाली फरियादी महिला के दामाद की मृत्यु के कुछ वर्षों बाद उसकी बेटी ने अपनी दोनो लड़कियो को मां के पास छोड़कर दूसरा विवाह कर लिया। फरियादी महिला की दोनो नातिन बुधवार 28 अगस्त को घर से स्कूल गई। लेकिन बड़ी नातिन पायल (17) (बदला हुआ नाम) दोपहर को 3.30 बजे स्कूल से वापस घर आ गई। जिसके बाद पायल की नानी मंदिर चली गई।
शाम को 5.30 बजे मंदिर से आने के बाद महिला की छोटी नातिन ने बताया की दीदी घर पर नहीं है और घर में उसके कपड़े, बैग व मोबाइल भी नही है। साथ ही स्टील के डब्बे में रखे 500 रुपए भी गायब मिले। आस पड़ोस में तलाश करने के बाद भी छात्रा का कोई पता नहीं चला। जिसके बाद फरियादी महिला ने उसकी नाबालिग नातिन को अज्ञात व्यक्ति ने बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई। छात्रा इससे पूर्व भी एक बार घर से लापता होने की जानकारी भी फरियादी महिला ने पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कलम 137 (2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है